Breaking News

सी वोटर सर्वेः BJP सबसे बड़ी पार्टी, मगर NDA बहुमत से दूर

नई दिल्ली। यदि आज की तारीख में चुनाव हों तो बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। लेकिन, नरेंद्र मोदी के जादू के बावजूद बीजेपी डेढ़ सौ सीटों तक भी नहीं पहुंच पाएगी। वहीं, कांग्रेस दूसरे नंबर की पार्टी होगी। मगर सबसे बड़ी बात यह कि यूपीए और एनडीए दोनों बहुमत से बहुत पीछे रहेंगे।
टाइम्स नाउ इंडिया टीवी सी वोटर सर्वे के मुताबिक ये नतीजे सोमवार शाम को टाइम्स नाउ पर प्रसारित किए गए। सर्वे के अनुसार  बीजेपी को पिछली बार की 116 सीटों के मुकाबले 131 सीटें मिलेंगी। एनडीए के दलों की सीटें जोड़ ली जाएं तो आंकड़ा 156 पर पहुंचता है। कांग्रेस की हालत इससे भी बुरी रहने वाली है। 2009 में 206 सीटें पाने वाली कांग्रेस को इस बार महज 119 सीटें मिलेंगी जबकि वर्तमान यूपीए की सीटें जोड़ी जाएं तो आंकड़ा 136 तक पहुंचेगा। 2009 में यूपीए की सीटों की संख्या 228 थी। तीसरे मोर्चे के लिहाज से भी हालात कुछ खास अनुकूल नहीं दिखते। सर्वे के मुताबिक तीसरे मोर्चे के दलों को 129 सीटें मिलने वाली हैं। इससे यह साफ है कि सरकार को गठन के लिए नए समीकरण बनाने होंगे। चुनाव बाद की राजनीतिक गतिविधियां बेहद अहम हो जाएंगी। चुनाव साल 2014 में हों या 2013 में लेकिन टाइम्स नाउ - सी वोटर सर्वे ने देश की संभावित राजनीतिक तस्वीर अभी से दिखा दी है। इस सर्वे के मुताबिक बिहार में जेडी(यू)-बीजेपी टूट का सबसे बडा फायदा लालू प्रसाद की आरजेडी को होगा, उनकी सीटें तीन गुना बढ़ जाएंगी।