Breaking News

'आप' के सभी पदों से शाजिया इल्मी ने दिया इस्तीफा

नई दिल्‍ली। आम आदमी पार्टी (आप) की संस्थापक सदस्यों में से एक शाजिया इल्मी ने पार्टी की सदस्यता और सभी पदों से आज (शनिवार) इस्तीफा दे दिया है। शाजिया पार्टी की प्रवक्ता और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य थीं।
कैप्टन गोपीनाथ ने भी आज 'आप' से इस्तीफा दे दिया। अमेठी से चुनाव लड़ चुके कुमार विश्वास भी पार्टी नेतृत्व से नाराज बताए जा रहे हैं। पार्टी के नेता योगेंद्र यादव ने इस पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि शाजिया कुछ वक्त से नाराज चल रही थीं। उन्होंने अपनी नाराजगी पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जताई थी और चिट्ठी भी लिख चुकी हैं। योगेंद्र यादव ने कहा कि जब हमें पता चला कि वह इस्तीफा देने वाली हैं, तो हमने उन्हें मनाने की कोशिश की लेकिन दुख है कि वह हमारा साथ छोड़कर चली गईं। उन्होंने कहा कि शाजिया को सवाल उठाने का हक है, लेकिन उन्हें अरविंद के रिहा होने का इंतजार करना चाहिए था।  शाजिया ने प्रेस कांफ्रेंस में अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र नहीं होने के कारण इसे छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक अच्छा और कुशल व्यक्ति बताते हुये कहा कि पार्टी के कुछ लोगों ने उन्हें जकड़ रखा है।