Breaking News

अमित शाह के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनयन पर लगी मुहर

नई दिल्‍ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में अमित शाह के पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मनोनयन पर मुहर लग गई है। अमित शाह ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अध्यक्ष बनना कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उन्होंने अपने ऊपर भरोसा जताने के लिए पार्टी का धन्यवाद भी जताया।इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने गरीबों की पार्टी के रूप में नयी पहचान बनायी। पार्टी प्रमुख के तौर पर अपने पहले संबोधन में अमित शाह ने कहा कि सिर्फ भाजपा में ही सबसे साधारण कार्यकर्ता पार्टी के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री पद तक पहुंच सकता है।शाह ने कहा कि हम झारखंड को विकसित राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा हरियाणा में अकेले ही चुनाव लड़ेगी और अगर गठबंधन भी होता है तो हम कम से कम 45 सीटें जीतना चाहते हैं। शाह ने कहा कि बिहार में जो नीतीश कुमार पहले लालू प्रसाद यादव के शासन को जंगल राज कहते थे, वही कुमार अब यादव की गोद में जाकर बैठ गए हैं। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने अमित शाह के नाम का अनुमोदन किया, जबकि राष्ट्रीय परिषद ने इस पर मुहर लगाई। भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में कहा कि भाजपा प्रमुख के रूप में वह अपने कार्यकाल से पूरी तरह संतुष्ट हैं। राजनाथ सिंह ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत का श्रेय पार्टी के नए अध्यक्ष अमित शाह को दिया।राष्ट्रीय परिषद की बैठक के लिए दिल्ली में जोरदार तैयारी की गई है। नेहरू स्टेडियम में भव्य इंतजाम किए गए। स्‍टेडियम में मोदी और अमित शाह की तस्वीरें अटी पड़ी हैं। स्टेडियम में अटल, आडवाणी, राजनाथ, जेटली, सुषमा की भी तस्वीरें हैं लेकिन मोदी और अमित शाह छाए हुए हैं।