Breaking News

बयान की गोली नहीं जवान की गोली का समय है - मोदी

नईदिल्‍ली। सीमा पार से नौ दिन की भारी गोलीबारी के बाद बीती रात 192 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में गोलीबारी में कमी आई है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी की पाकिस्तानी गोलीबारी को लेकर की गई टिप्पणी के जवाब में कहा है कि यह बयान की गोली का नहीं जवान की गोली का समय है।
महाराष्ट्र के अमरावती में एक चुनावी रैली में मोदी ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी पाकिस्तान की तरफ से हो रही गोलाबारी के बारे में बयानबाजी कर रही है। यह समय बयानबाजी की गोली का नहीं, जवानों की गोली का है।' नरेंद्र मोदी ने कहा कि पाकिस्तान को जवाब दे दिया गया है, जवानों ने पाकिस्तान का मुंह बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान गोलीबारी की हिम्मत नहीं करेगा। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नौ दिन तक भारी गोलीबारी हुई जिसमें आठ लोग मारे गए और 13 सुरक्षाकर्मियों सहित करीब 90 लोग घायल हुए। गोलीबारी के चलते 32 हजार से अधिक लोगों को सीमा स्थित अपने घरों को छोड़ना पड़ा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित 113 गांव सुनसान नजर आने लगे। पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा भारत की 60 सीमा चौकियों और जम्मू, सांबा तथा कठुआ जिलों के 130 से अधिक गांवों सहित लगभग समूची अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलाबारी के बाद सात और आठ अक्टूबर की मध्यवर्ती रात भारत और पाकिस्तान के सैनिकों के बीच भारी गोलीबारी हुई थी। गोलीबारी में बीएसएफ के तीन जवानों सहित 15 लोग घायल हो गए थे।  दूसरी तरफ
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान के लिए स्थिति सामान्य करने का एकमात्र रास्ता यही है कि वह अपनी बंदूकों को खामोश रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि पाकिस्तान स्थिति सामान्य करना चाहता है तो सबसे आसान तरीका यह है कि वह अपनी बंदूकों को खामोश रखे। यदि वे गोलाबारी रोकते हैं तो मुझे यकीन है कि यहां से हर कोई रूक जाएगा और इससे यह संकट खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जानबूझकर नागरिक इलाकों को निशाना बना रहा है और इस तरफ हताहतों की संख्या इस बात का सबूत है। सेना के अधिकारियों ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव में खलल डालने के लिए पाकिस्तान में आतंकी नेतृत्व बड़ी संख्या में आतंकवादियों को भारतीय क्षेत्र में घुसाने के लिए बेचैन है।