Breaking News

AAP विधायक पर मकान कब्जाने का आरोप

नई दिल्ली। शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यक्रम में एक शख्स ने आप विधायक पर मकान कब्जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। आप के कार्यकर्ताओं ने शख्स को वहां से बाहर निकाल दिया।
कार्यक्रम में मौजूद पार्टी के नेता केजरीवाल ने भी शख्स का पक्ष सुनने के बजाय उस पर सस्ती लोकप्रियता के लिए यह सब करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि यह सब बीजेपी ने करवाया है। दिल्ली के कंस्टिट्यूशनल क्लब में शनिवार शाम को आप का एक कार्यक्रम चल रहा था। इसमें अरविंद केजरीवाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान तरुण यादव नाम का शख्स वहां हाथ में कागज लिए दाखिल हुआ। उसने आप विधायक गिरीश सोनी पर अपना मकान कब्जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। शख्स का आरोप था कि आम आदमी पार्टी के विधायक गिरीश सोनी ने उसके मकान और दुकान पर कब्जा किया हुआ है और वह घर खाली नहीं कर रहे हैं। कार्यक्रम में रंग में भंग पड़ने से खीझे आप नेता केजरीवाल ने शख्स पर तंज कसते हुए कहा कि वह चर्चा में आने के लिए यह सब कर रहा है। केजरीवाल ने कहा, 'मेरी गुजारिश है कि सारे कैमरे वाले फोटो खींच लीजिए, वह इसीलिए आए हैं।' इसके बाद आप के कार्यकर्ताओं ने उसे वहां से बाहर निकाल दिया। हंगामा करने वाले शख्स ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई की है। पुलिसवाले ने उसे किसी तरह बचाया।उसने बताया है कि गिरीश सोनी उनके पुराने किराएदार हैं। उन्होंने विधायक बनने के बाद से किराया देने बंद कर दिया है। यही नहीं उन्होंने आम आदमी पार्टी में आस्था रखते हुए ऑफिस भी दिया था, उसे भी खाली नहीं किया जा रहा है। वह इसके खिलाफ कोर्ट भी गए हैं।