Breaking News

शिवसेना करेगी महिलाओं की सुरक्षा


मुम्‍बई। शिवसेना ने पार्टी से जुड़े टैक्सी और ऑटो रिक्शा चालकों से नव वर्ष की पूर्व संध्या पर महिला यात्रियों को सेवा प्रदान करने के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
पार्टी की परिवहन इकाई शिव वाहतुक सेना के अध्यक्ष हाजी अराफात शेख ने बताया है, ‘‘पूरे मंबई में ‘शिव वाहतुक सेना’ से जुड़े 16,000 (ऑटो) रिक्शा और 10,000 टैक्सी के चालक 31 दिसंबर की रात में उनके लिए बनाये गये नियमों का पालन करेंगे। हम लोगों ने अपने सभी चालकों से कहा है कि यह उनका दायित्व है कि समारोहों के बाद सभी महिला अपने घरों तक सुरक्षित पहुंचे।’’ शेख ने बताया कि चालकों से समाज-विरोधी तत्वों पर नजर रखने और पुलिस को तत्काल सूचित करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा ‘‘शहर के सभी नुक्कड़ और इलाकों से परिचित होने के कारण ऑटो और टैक्सी चालक शरारती तत्वों पर नजर रखने में कारगर साबित होंगे, ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह पहल हमने खुद से की है।’’शेख ने कहा कि वाहतुक सेना महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में चालकों को एक अहम पक्ष बना कर, चालकों के बारे में प्रचलित धारणा को दूर करने के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा, ‘‘चालकों की हमेशा कई बातों को लेकर आलोचना होती है। उन पर अधिक किराया लेने और यात्रियों को ले जाने से मना करने के आरोप लगते हैं। लेकिन 31 दिसंबर की रात में सब कुछ बदल जाएगा। उनसे कम दूरी या अधिक दूरी, विशेष कर महिला यात्रियों को ले जाने से मना नहीं करने के लिए कहा गया है। यह उनका दायित्व है कि वे यात्रियों के उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाना सुनिश्चित करें।’’ शेख ने कहा कि शिवसेना की पहल पर पुणे, नवी मुंबई, ठाणे के अन्य संगठनों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है और महिला और परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चालक पुलिस के साथ मिल कर काम करेंगे।