Breaking News

झारखंड: नक्सलियों ने चार अधिकारियों का किया अपहरण

चाईबासा(झारखण्‍ड)। चाईबासा स्थित केंद्र सरकार के उपक्रम खान सुरक्षा निदेशालय के दो उप निदेशकों व दो कर्मचारियों का नक्सलियों ने अपहरण कर लिया। चारों चाईबासा से करीब १२ किलोमीटर दूर खूंटपानी प्रखंड के लगिया में बंद पड़ी रोरो माइंस का जायजा लेने गये थे। इसी दौरान चारों लोगों को अगवा कर लिया गया।
खान सुरक्षा निदेशालय के दो डिप्टी डायरेक्टर व दो कर्मचारियों के अपहरण की घटना से पूरे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अपहरत लोगों के नाम बीबी सतियार, साकेत भारती, टोप्पो और शिव बताए गए हैं। पुलिस को देर शाम घटना की सूचना मिली। पश्चिमी सिंहभूम के एसपी ने घटना की पुष्टि की है। सूचना के बाद से पुलिस इनकी तलाश में जुट गई है। लगिया गांव का इलाका पूरी तरह नक्सल प्रभावित है। रोरो की सिलिका माइंस १९८० के दशक से बंद पड़ी है। यह माइंस बिड़ला ग्रुप की थी। गुरूवार दोपहर एक बोलेरो पर सवार होकर उप निदेशक बीबी साटियार, साकेत भारती व दो कर्मचारी महंतो टोप्पो व निताई बीट रोरो माइंस की ओर गए थे। दोपहर २.३० बजे के करीब हथियारबंद नक्सलियों ने इनका अपहरण कर लिया। हालांकि अभी तक नक्सली संगठन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। कब्जे में करने के बाद नक्सली इन सभी को सारंडा के जंगल में ले गए। घटना की सूचना चाईबासा के एसपी नरेंद्र सिंह को दी गई। इसके साथ ही डीजीएमएस के अधिकारियों को भी सूचना दी गई। सारंडा का यह इलाका पूरी तरह से नक्सलियों के कब्जे में है। राज्य के मुख्य सचिव सजल चक्रवर्ती का कहना है कि इस घटना में पीएलएफआई के नक्सलियों का हाथ हो सकता है। पुलिस को खनन विभाग के अधिकारियों के अपहरण की सूचना शाम में मिली। पुलिस नक्सलियों को घेरने के लिए छापामारी कर रही है।